चंपावत। जिले के बीपीएल परिवारों के 40 युवाओं को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज की ओर से रोजगार संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह बिष्ट के निजी प्रयासों से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज की ओर से युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल की जा रही है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मुत्तूमई नजरीन के नेतृत्व में तीन मई से चयनित युवाओं का बीस दिनी प्रशिक्षण शुरू होगा।
इसके बाद साक्षात्कार के आधार पर चयनित युवाओं को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में रोजगार के अवसर मिलेगे। सीडीओ शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज बहुराष्ट्रीय कंपनी है जो विभिन्न क्षेत्रों में सफलतापूर्वक कार्य कर रही है। उन्होंने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रशासनिक अधिकारी को व्यक्तिगत तौर पर चंपावत जिले के युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का अनुरोध किया था। जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। प्रशिक्षण में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के आवास, भोजन आदि की सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के बीपीएल प्रतिभागियों की शैक्षिक योग्यता द्वितीय अथवा तृतीय श्रेणी से स्नातक उत्तीर्ण होनी चाहिए।
आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल तक
चंपावत। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज की ओर से प्रस्तावित प्रशिक्षण के लिए बीपीएल परिवारों के युवा 15 अप्रैल तक सीडीओ कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। सभी आवेदनों में से प्रशिक्षण के लिए 40 युवाओं का चयन किया जाएगा।