टनकपुर (चंपावत)। तीन मार्च से शुरू हो रहे सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेले में इस बार वाहन पार्किंग समेत विभिन्न ठेकों में बोली लगाने के लिए ठेकेदार खासे उत्साहित नजर आए। इससे मेला प्रबंधन कमेटी को राजस्व भी पिछले वर्षों की तुलना में अधिक मिला है। सोमवार को वाहन पार्किंग की ठेका रिकॉर्ड बोली 90 लाख एक हजार रुपये में छूटी, जबकि गत वर्ष यह ठेका करीब 54 लाख में छूटा था।
पूर्णागिरि मेले की तैयारियां प्रशासन ने तेज कर दी है। विभिन्न ठेकों की नीलामी की प्रक्रिया के तहत वाहन पार्किंग ठेके की नीलामी तहसील में हुई। बोली का शुभारंभ 55 लाख रुपये से हुआ। बोलीदाता इतने उत्साहित हो गए कि पहली बोली ही 60 लाख रुपये लगी। जो अंत में 90 लाख एक हजार रुपये में प्रहलाद सिंह महर के नाम छूटी। दीपक पाठक ने 90 लाख रुपये बोली लगाकर वाहन पार्किंग के राजस्व को बढ़ा दिया। नीलामी में आठ बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम अनिल चन्याल की देखरेख में हुई नीलामी के दौरान मेला अधिकारी जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी राजेश कुमार, पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय, उप कोषाधिकारी जेएस बिष्ट, एआरटीओे प्रतिनिधि मौजूद थे।