टनकपुर (चंपावत)।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो देहरादून की टीम ने एक दिनी कार्यशाला आयोजित कर पुलिस और एसएसबी कर्मियों को मादक पदार्थों, प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ नारकोटिक्स एक्ट की जानकारी दी। एसपी रामचंद्र राजगुरु ने पुलिस और एसएसबी कर्मियों से प्रशिक्षण को कार्यरूप देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के कारोबार एवं प्रतिबंधित दवाओं के प्रयोग की आशंका बनी रहती है।
तहसील सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यशाला में नारकोटिक्स ब्यूरो के विजिलेंस अफसर धर्मवीर सिंह एवं बृजेश यादव ने नशीले पदार्थों की पहचान, उनके प्रयोग और प्रतिबंधित दवाओं के बारे में बताया। बनबसा थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने पुलिस एवं एसएसबी कर्मियों को डीएनए सैंपल, दवाओं के सैंपल उठाने आदि की जानकारी दी। इधर, कार्यशाला में हेरोइन, स्मैक, कोकीन आदि नशीले पदार्थों की पहचान एवं अवैध तरीके से नशीले पदार्थों की खेती, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पिछले दिनों नशे के कारोबार के पकड़ में आए मामलों के तरीके एवं मादक पदार्थों के प्रकार पर प्रकाश डाला गया। इसके अलावा नारकोटिक्स के मामलों की विवेचना के उचित दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ आरएस रौतेला, कोतवाल अरुण कुमार वर्मा, शारदा बैराज चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह खड़ायत, चंपावत कोतवाल सलाउद्दीन, रीठा साहिब थानाध्यक्ष प्रेम विश्वकर्मा, मंच तामली थानाध्यक्ष गोविंद बल्लभ भट्ट, उप निरीक्षक डीएल वर्मा समेत जिले के पुलिस अधिकारी, जवानों के अलावा एसएसबी के अधिकारी एवं जवान मौजूद थे।