क्षतिग्रस्त किया गया वीर चक्र विजेता शहीद नायक गणेश दत्त का शिलापट लगा स्मारक।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ी रेल लाइन निर्माण व टनकपुर रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार के दौरान 1965 में हुए भारत-पाक युद्ध में पराक्रम दिखाने वाले वीर चक्र विजेता शहीद नायक गणेश दत्त का स्मारक को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिला पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड ने मामले को गंभीरता से लिया है। इसकी रिपोर्ट रेलवे व सेना के के उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। दूसरी तरफ रेलवे विभाग का कहना है कि अब जल्द ही स्थल का चयन कर नया स्मारक बनाया जाएगा।
1965 के भारत-पाक युद्ध में पिथौरागढ़ जिले के मेड डोगरी गांव निवासी कुमाऊं रेजिमेंट की नौवीं के नायक गणेश दत्त ने पराक्रम दिखाया। उन्होंने सात दिसंबर 1965 को सियालकोट सीमा पर पाक सैनिकों को धूल चटाई थी। इस पराक्रम के लिए उन्हें वीर चक्र सम्मान दिया गया। प्रशासन ने उनके सम्मान में टनकपुर के रेलवे स्टेशन में उनका स्मारक बनाया गया था।
रेलवे द्वारा इसी स्मारक में ही स्वतंत्रता व गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया जाता था। रेलवे विभाग द्वारा बनाई जा रही बड़ी लाइन के साथ ही रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य के दौरान स्मारक को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्मारक क्षतिग्रस्त किए जाने जानकारी मिलते ही सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष कै. भानी चंद व राजेंद्र सिंह अधिकारी ने इसकी सूचना जिला सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय को दी।
बोर्ड के ब्लाक प्रतिनिधि नंदन सिंह डांगी ने बुधवार को मौका मुआयना किया तो स्मारक क्षतिग्रस्त हाल में पड़ा मिला।
ब्लाक प्रतिनिधि ने बताया कि इसकी रिपोर्ट जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के माध्यम से रेलवे व सेना के उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। इधर स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि पुराने स्मारक के स्थान पर नया स्मारक बनाया जाएगा, जिसके लिए रेलवे के उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट दे दी गई है। बहरहाल स्मारक क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना पर पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने रोष जताते हुए शीघ्र नया स्मारक बनाए जाने की मांग उठाई है।