टनकपुर (चंपावत)।
20 नवंबर से उप खनिज निकासी शुरू होते ही शारदा खनन क्षेत्र में फावड़ों और बेलचों की आवाजें सुनाई देने लगी हैं, लेकिन रायल्टी चोरी रोकने और सुरक्षा व्यवस्था के लिए मुट्ठी भर कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो अपनी सुरक्षा को लेकर अधिक चिंतित रहते हैं। वहीं, हर बार की तरह इस बार भी रायल्टी चोरी की चर्चाएं पहले दिन से ही गर्म हैं।
शारदा के 384 हेक्टेयर क्षेत्रफल में दो निकासी गेट अप स्ट्रीम में नायकगोठ और डाउन स्ट्रीम में शारदा बैराज गेट से निकासी का कार्य होता है। यहां पर 306 पंजीकृत शक्तिमान ट्रकों की सुबह से ही लंबी लाइन लग रही है। हर दिन तीन सौ से ज्यादा ट्रकों से निकासी हो रही है, लेकिन निकासी गेटों पर वन निगम की खनन इकाई के चुनिंदा कर्मचारी ही तैनात हैं। चोर रास्तों से रायल्टी चोरी रोकने को अब तक निगरानी टीम भी गठित नहीं की गई है। दो निकासी गेटों पर महज 12 कर्मचारी तैनात हैं। सुरक्षा के अभाव में ये कर्मचारी भी रायल्टी चोरी रोकने से ज्यादा अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। सुरक्षा संसाधनों के नाम पर इन कर्मचारियों के पास डंडे तक नहीं है। नतीजतन राजस्व की चोरी कर खनिज निकासी करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
वन निगम के खनन प्रभारी हरीश पाल ने बताया कि अप और डाउन स्ट्रीम से इस बार छह लाख 31 हजार घन मीटर खनिज निकासी की अनुमति मिली है। हर दिन दो से ढाई हजार घन मीटर निकासी से बारह लाख रुपये तक का राजस्व मिल रहा है। अप स्ट्रीम के नायकगोठ गेट से 125 एवं डाउन स्ट्रीम में बैराज गेट से 181 ट्रक निकासी कर रहे हैं। खनन क्षेत्र में चोरी पर अंकुश के लिए निगम के पास कर्मचारियों की कमी है। विभाग से आठ कर्मचारियों की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि खनन समिति की बैठक में चोर रास्तों से रायल्टी चोरी पर अंकुश के लिए पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त गश्त करने की बात तय हुई थी, लेकिन अब तक गश्त शुरू नहीं हुई है। गश्त शुरू कराने के लिए एसडीएम से आग्रह किया है। चोरी रोकने के लिए विभाग प्रयास कर रहा है।
कोट--
रायल्टी चोरी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एवं वन विभाग को गश्त के लिए कहा गया था, लेकिन यदि गश्त नहीं की जा रही है तो इसके लिए दोनों विभागों को पुन: निर्देश जारी किए जाएंगे। इसके अलावा वन निगम को चोर रास्तों पर गड्ढे खोदने के भी निर्देश दिए गए हैं। -अनिल चन्याल, एसडीएम, पूर्णागिरि तहसील, टनकपुर।
----
मानसून सत्र में छह माह शारदा खनन क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। अब खनन शुरू होने से इस क्षेत्र में रौनक लौटी है। जगह-जगह उप खनिज के स्टाक, खनन से भरे शक्तिमान एवं अन्य ट्रकों के आने-जाने का क्रम, शारदा के अप स्ट्रीम से लेकर डाउन स्ट्रीम तक वाहनों की लंबी लाइन। क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है, लेकिन इसके साथ ही अवैध खनन एवं रायल्टी की चोरी धड़ल्ले से होने लगी हैं। वन निगम की तरफ से मुट्टीभर कर्मचारी चोरी रोकने से पहले अपनी सुरक्षा का ख्याल आते ही बेबस से नजर आते हैं।