टनकपुर (चंपावत)। ठा. एसएसआर जेएसआर राधेहरि राजकीय इंटर कॉलेज में स्काउट-गाइडों के तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर के तहत कैडेटों को विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया। शनिवार को कैडेटों ने बेटी-बचाओ बेटी-पढ़ाओ के संदेश के साथ शहर में जागरूकता रैली भी निकाली। रविवार को प्रशिक्षण शिविर का समापन होगा।
जिला स्काउट संगठन आयुक्त अंबा दत्त पंत, जिला गाइड आयुक्त कल्पना धामी की देखरेख में चल रहे शिविर में कैडेटों ने चौथे दिन शहर में जागरूकता रैली निकाली, कैंप फायर किया। इससे पूर्व शिविर की शुरुआत बीपी सिक्स व्यायामों से हुई। चंपावत से आए जिला स्काउट कमिश्नर राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. बीसी जोशी ने कैडेटों को मानचित्र अवलोकन, नक्शा, अनुमान लगाना के साथ ही मंकी ब्रिज निर्माण का प्रयोगात्मक प्रशिक्षण दिया। शिविर में आयोजन में स्काउट मास्टर विपिन उप्रेती, क्षेत्रीय सचिव वेदप्रकाश पंत, गाइड मास्टर शीला, सुशीला उप्रेती, ललित जोशी, वीपी शर्मा, आत्मप्रकाश, माया टम्टा, जयवीर, दुर्गविजय यादव आदि स्काउट, गाइड मास्टर सहयोग दे रहे हैं। जिला स्काउट संगठन आयुक्त पंत ने बताया कि रविवार को कैडेटों को जंगल भ्रमण कराने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दोपहर करीब एक बजे शिविर का समापन होगा।