लोहाघाट (चंपावत)। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के सहयोग से लोहाघाट के जीजीआईसी में दो दिवसीय ब्लाक स्तरीय विज्ञान महोत्सव शुरू हो गया है। महोत्सव के पहले 150 बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान ड्रामा, विज्ञान मेले के जरिए विज्ञान से जुड़े अनुभव प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं के परिणाम शनिवार को घोषित किए जाएंगे।
महोत्सव का शुभारंभ प्रधानाचार्या मीना शुक्ला और ब्लाक समन्वयक नवीन चंद्र पांडेय ने किया। कहा कि यह आयोजन छात्र-छात्राओं में छिपी वैज्ञानिक प्रतिभा को मंच देते हैं। अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष गोपाल सिंह ढेक की अध्यक्षता और शिक्षक श्याम दत्त चौबे के संचालन में हुए कार्यक्रम में बताया गया कि ब्लाक महोत्सव में अव्वल रहने वाले बाल वैज्ञानिक सात और आठ नवंबर को जिला स्तरीय आयोजन में प्रतिभाग करेंगे।
जिला समन्वयक (प्रारंभिक शिक्षा) नरेश जोशी और बाराकोट के ब्लाक समन्वयक राजेंद्र गड़कोटी ने कार्यक्रम का अनुश्रवण कर बाल वैज्ञानिकों को विज्ञान विषय के प्रति संवेदनशील रहने, क्षेत्र की समस्याओं का समाधान वैज्ञानिक विधि से करने का आह्वान किया। विज्ञान शिक्षक डॉ.हरीश अधिकारी, डॉ.सुधाकर जोशी, अत्र सिंह, मोहित जोशी, नवीन भट्ट, रमेश जुकरिया, हेमलता जोशी, नीलम चंद, देवेंद्र पाल, वंदना जोशी संजय पंत, मंजू विश्वकर्मा ने बाल वैज्ञानिकों का मार्गदर्शन किया। शनिवार को प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए जाएंगे।