टनकपुर (चंपावत)।
ढोल-नगाड़ों के बीच गणपति बप्पा मोरया-अगले बरस तू जल्दी आ के गगनभेदी उद्घोषों के साथ सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समिति ने शारदा में भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जित की। मूर्ति विसर्जन के साथ ही शहर में गणेश महोत्सव संपन्न हो गया। समिति ने अगले साल महोत्सव को और अधिक धूमधाम से मनाने का संकल्प लिया है।
गणेश उत्सव के दौरान शहर मेला क्षेत्र पुरानी पानी की टंकी के पास भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित कर भक्तों ने हर दिन पूजा-अर्चना की। सोमवार को गणपति बप्पा के भक्तों ने मूर्ति विसर्जन से पूर्व शहर में गणपति बप्पा की शोभायात्रा निकाली। ढोल-नगाड़ों की थाप पर एक-दूसरे पर गुलाब उडे़ल कर भक्त जमकर थिरके। देर शाम शारदा तट में पूजा-अर्चना कर प्रसाद बांटकर मूर्ति विसर्जित की गई। गणेश की विदाई में आयोजक समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता, सचिव विपिन गुप्ता, महेश सिंह, जमुना प्रसाद पाल, टीडी जोशी, नन्हे सक्सेना, पंकज सक्सेना, सुनील वाल्मीकि, अमित गुप्ता, रामा सक्सेना आदि थे।