टनकपुर (चंपावत)। कबड्डी और खो-खो के फाइनल मुकाबलों के साथ ब्लॉक स्तरीय तीन दिनी अंतरविद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हो गई। बालक वर्ग की कबड्डी में विवेकानंद विद्या मंदिर एवं बालिका वर्ग में रापूमावि छीनीगोठ ने बाजी मारी। बालक वर्ग खो-खो में विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और बालिका वर्ग का मुकाबला रापूमावि बस्तिया ने जीता।
स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम दिन शनिवार को खो-खो और कबड्डी के फाइनल मुकाबले हुए। बालिका वर्ग की कबड्डी का मुकाबला विवेकानंद विद्या मंदिर और रापूमावि छीनीगोठ के बीच हुआ, इसमें रापूमावि छीनीगोठ ने मैच जीता। बालक वर्ग कबड्डी में विवेकानंद विद्या मंदिर ने राइंका टनकपुर को हराया। बालिका खो-खो में रापूमावि बस्तिया ने रापूमावि छीनीगोठ का शिकस्त दी। बालक वर्ग में विवेकानंद विद्या मंदिर ने दयानंद इंटर कॉलेज को पराजित किया। निर्णायक मंडल में रचित बल्दिया, प्रकाश जोशी, एलएम भट्ट, सतीश जोशी, पल्लव जोशी, कल्पना आर्य, मंजू बिष्ट आदि शामिल थे। समापन पर विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।