टनकपुर (चंपावत)। बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापारियों ने जिला पंचायत को टैक्स न देने का फैसला लिया है। उन्होंने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जिला पंचायत पर ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। कहा कि जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापारियों से हर साल टैक्स तो वसूला जा रहा है लेकिन उन्हें कोई सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं।
बनबसा के ग्रामीण क्षेत्र के दुकानदारों ने शनिवार को गुदमी के ग्राम प्रधान अरुण कुमार के नेतृत्व में तहसील में पहुंचकर तहसीलदार जोगा सिंह को एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि जिला पंचायत ग्रामीण क्षेत्र के दुकानदारों से हर साल टैक्स तो वसूलती है, लेकिन किसी तरह की सुविधा नहीं दी जाती है।
उन्होंने कहा है कि जब तक जिला पंचायत ग्रामीण क्षेत्र के दुकानदारों को किसी तरह की सुविधा दिए जाने का प्रावधान नहीं करती है, तब तक वह किसी भी सूरत में टैक्स नहीं देंगे। ज्ञापन देने वालों में रमेश चंद्र जोशी, बृजमोहन जोशी, अनिस, प्रकाश, जगदीश कुमार, मीना बिष्ट, राजेंद्र सिंह, सज्जाद अली, भाष्कर पंत, इरफान आदि शामिल थे।