बनबसा (चंपावत)। एसएसबी जवानों ने शनिवार रात पेट्रोलिंग के दौरान एक वन तस्कर को शीशम के गिल्टे के साथ पकड़ लिया। तस्कर को मय सामान वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसबी 57वीं वाहिनी धनुषपुल स्थित डी कंपनी के बंगाली कालोनी बीओपी जवान शनिवार रात एएसआई श्याम चंद के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा पर पेट्रोलिंग कर रहे थे। जैसे ही एसएसबी जवान भारत-नेपाल सीमा पिलर संख्या 803/1/9(ए) के पास पहुंचे उन्हें साइकिलों पर चार लोग नेपाल की ओर जाते दिखे। अचानक वहां पर एसएसबी जवानों के पहुंचने पर तीन लोग साइकिल छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए, लेकिन एक वन तस्कर को एसएसबी जवानों ने पकड़ लिया।
उसकी साइकिल पर एक शीशम का गिल्टा रखा था। धनुषपुल डी कंपनी के प्रभारी कमांडर, निरीक्षक हर दत्त सिंह ने बताया कि पकड़ा गया तस्कर ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा इस्लामनगर का रहने वाला इरशाद मोहम्मद है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद एसएसबी ने उक्त तस्कर को मय शीशम के गिल्टे और चार साइकिलों के साथ पूर्वी तराई वन प्रभाग खटीमा को सौंप दिया। पकड़े गए शीशम के गिल्टे की साइकिलों समेत अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। तस्कर भारत से अवैध कटान कर लकड़ी नेपाल पहुंचाने जा रहे थे।