लोहाघाट (चंपावत)। केंद्रीय विद्यालय में हुई अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी में अभिभावकों को विद्यालय में संचालित शैक्षिक गतिविधियों की जानकारियां दी गई। इस मौके पर हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में विद्यालय का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहने पर संतोष जताया गया। प्राचार्य बीडी ओली ने शैक्षणिक गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए अनुशासन बनाए रखने पर खास जोर दिया। कहा कि अनुशासन तोड़ने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
इस मौके पर सीबीएसई द्वारा प्रस्तुत नई परीक्षा प्रणाली की जानकारी दी गई। बताया गया कि कक्षा एक से पांचवीं तक प्राथमिक विद्यार्थियों के लिए हर शनिवार को उपचारात्मक शिक्षण दिया जाएगा। अभिभावकों से घर में बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने, समय-समय पर विद्यालय में आकर अपने बच्चों की शैक्षिक प्रगति की जानकारी लेने और विद्यालय विकास में सहयोग करने का आग्रह किया गया। बैठक में राजेश चौधरी, राजमणि, पूजा वर्मा, संजीव कुमार, डीके खन्ना, पीसी पुनेठा, गुलाब सिंह, समीर जोशी आदि मौजूद थे।