बाराकोट पीएचसी में टीका लगाती एएनएम प्राची सिंह।
- फोटो : LOHAGHAT
चंपावत/लोहाघाट। जिले में कोविड टीकाकरण का कार्य जारी है। शुक्रवार को चंपावत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 80 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना टीका लगाया गया। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाराकोट में प्रथम चरण का कोरोना टीकाकरण का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। पहले दिन 70 लोगों को टीका लगाया गया।
शुक्रवार को सेक्टर मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार विजय गोस्वामी के निर्देशन में कोरोना टीकाकरण का कार्य किया गया। चिकित्साधीक्षक डॉ.मंजीत सिंह ने बताया कि बाराकोट में सौ कोरोना वारियर्स को टीका लगाया जाना था, इसमें से पहले दिन 70 लोगों को ही टीके लगाए गए। टीका लगाने आई एक गर्भवती महिला को टीका नहीं लगाया गया। पहला टीका पर्यावरण मित्र शक्तिमान को लगाया गया। टीकाकरण एएनएम प्राची सिंह ने किया। (संवाद)