चंपावत। जिला चिकित्सालय में विश्व रेड क्रॉस दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ उप जिलाधिकारी सदर अनिल गर्ब्याल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आरपी खंडूरी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी डीएस राजपूत व रेडक्रॉस समिति के चैयरमेन दीपक जोशी ने रेडक्रॉस सोसाइटी के जनक हेनरी डूनेट के चित्र पर संयुक्त रूप से माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
एसडीएम ने कहा कि जिस उद्देश्य से रेडक्रॉस सोसाइटी का जन्म हुआ है उसे धरातल में पहुंचाने के लिये हम सभी को एक टीम भावना के साथ आगे आना होगा। जिससे कि समाज के अंतिम छोर में खडे़ व्यक्ति की बीमारी व आवश्यकताओं को कुछ हद तक रेडक्रॉस सोसाइटी में जमा धनराशि से पूरा किया जा सके। सीएमओ ने रेडक्रॉस के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी तथा आय-व्यय का विवरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। गोष्ठी के दौरान आज 17 सदस्यों ने रेड क्रॉस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने रेडक्रॉस के जनक हेनरी डूनेट के जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ.कुलदीप यादव, डॉ. एचएस ऐरी, डॉ.इंद्रजीत पांडेय, डीपीओ पीएस बृजवाल, डेसमंस, प्रेम बल्लभ भट्ट, गौरव पांडेय, संजय पांडेय, शिव दत्त जोशी, कमल आदि मौजूद थे।