लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट-लोहाघाट मोटर मार्ग पर सड़क किनारे बनी नालियां और स्क्रबर बंद होने से हो रही दिक्कतों को देखते हुए पाटन-पाटनी के लोगों ने लोनिवि को आइना दिखाया है। लोगों ने चंदा एकत्र कर बंद पड़ी नालियों और स्क्रबरों को खोलना शुरू कर दिया है।
केशव पाटनी, गंगादत्त पाटनी, पूरन चंद्र पाटनी, उमेश चंद्र पांडेय, मन्नू पंत, प्रवीण तिवारी, प्रेमबल्लभ पंत, प्रताप सिंह अधिकारी, नंदाबल्लभ, पंकज तिवारी, हरीश जोशी, प्रकाश अधिकारी, माधो राम आदि का कहना है कि पाटन पुल से छमनियां तक सड़क किनारे नालियां और तीन स्क्रबर बंद पड़े हैं। इसके चलते बारिश में लोगों को भारी दिक्कत होती है।
बारिश के दौरान लोगों की ओर से अपने घरों की सीवर लाइन को खोलने से गंदगी सड़कों पर बह रही है। इसके चलते स्कूली बच्चों, सड़क किनारे रहने वाले लोगों, राहगीरों को खासी दिक्कतें हो रही हैं। लोगों का कहना है कि कई बार लोनिवि अधिकारियों से बंद पड़ी नालियों और स्क्रबरों को खुलवाने की मांग की जा चुकी है लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।