टनकपुर (चंपावत)। मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे के आसपास एकाएक पुलिस के जिला नियंत्रण कक्ष (डीसीआर) का फोन घनघनाया। फोन करने वाले ने कहा हुजूर टनकपुर ओरिएंट बैंक ऑफ कामर्स (ओबीसी) के एटीएम का गार्ड बोल रहा हूं - शराब पिए कुछ लोग हंगामा काटते हुए एटीएम के भीतर घुस आए हैं। इतना सुनते ही डीसीआर में तैनात कर्मी ने तत्काल टनकपुर थाने को घटना की जानकारी दी।
करीब चार से पांच मिनट में थाने से करीब एक किमी दूर इस एटीएम में पुलिस और चीता टीम ने दस्तक दे दी। वहां देखा, तो पुलिस टीम हक्की-बक्की रह गई। एटीएम में लूट जैसे कोई हालात नहीं थे, न ही कोई अफरातफरी। तभी एटीएम से कुछ दूरी पर नजर आए पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल। एसपी को देख पुलिस कर्मियों को पूरा मंजर समझते देर नहीं लगी। दरअसल एसपी ने पुलिस की मुस्तैदी को जांचने के लिए एटीएम कक्ष के गार्ड से फोन करवाया था।
पुलिस अधीक्षक ने बीती रात खुद टनकपुर में गश्त कर सुरक्षा का जायजा लिया। इस दौरान ओबीसी बैंक के एटीएम गार्ड को बेपरवाह हाल में देखा। एसपी ने गार्ड से पुलिस का फोन नंबर पूछा, मगर गार्ड को नंबर नहीं पता था। इसके बाद उन्होंने डीसीआर का नंबर देते हुए गार्ड से फोन करवाया और पुलिस की मुस्तैदी को चेक किया। एसपी का कहना है कि पुलिस ने चार से पांच मिनट के भीतर एटीएम के पास पहुंच चौकसी को दर्शाया है। उन्होंने पुलिस टीम को रात के वक्त घूमने वाले लोगों से पूछताछ करने के साथ परिचय पत्र जांचने और संदिग्ध हाल में खड़े वाहनों की पड़ताल करने के निर्देश दिए।