चंपावत। शपथ और कार्यभार ग्रहण करने के बाद शहर की सरकार एक्शन में आ गई है। टनकपुर-चंपावत के बीच निर्माणाधीन बारहमासी सड़क पर काम कर रही शिवालया कंपनी की मनमानी से जनता को हो रही दिक्कतों को देखते हुए पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा ने कंपनी के अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने चेताया कि भविष्य में उनकी कार्यप्रणाली की वजह से जनता को दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
बता दें कि सड़क निर्माण के दौरान कंपनी के लोग मुडियानी के पास पाइप लाइन को बार-बार तोड़ दे रहे हैं। इस वजह से जूप वार्ड, गोरलचौड़, खर्ककार्की में पेयजल संकट की स्थिति पैदा हो रही है।
पालिकाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि मनमानी जारी रही तो कंपनी के दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उधर, शिवालया कंपनी के प्रतिनिधियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत कर दी गई है। पालिकाध्यक्ष के साथ पूर्व सभासद नरेश जोशी, कपिल खर्कवाल, गोलू गंगोला, विनोद बडेला, राजेश जोशी, प्रमोद बडेला आदि थे।