टनकपुर (चंपावत)। हाथियों के झुंड ने बृहस्पतिवार रात ककरालीगेटट और आमबाग गांव में कई काश्तकारों की खेतों में खड़ी धान की फसल नष्ट की है। प्रभावित ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने वन्यजीवों के उत्पात से छुटकारा दिलाने को कोई स्थायी समाधान किए जाने की मांग उठाई है।
ककरालीगेट और आमबाग पहुंचे पांच हाथियों के झुंड ने राकेश मटियानी, दान सिंह मटियानी, रवि मटियानी, विनोद मटियानी, केदार दत्त पुनेठा, बाबूराम, बहादुर चंद, बसंतराज चंद, प्रकाश चंद्र व धर्मेंद्र चंद की करीब आठ बीघा भूमि में खड़ी धान की फसल को रौंदकर नष्ट करने के साथ ही फलदार पेड़-पौधों को खासा नुकसान पहुंचाया है। जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, पूर्व प्रधान शिवराज चंद व कमला चंद के अलावा प्रभावित काश्तकारों ने कहा है कि लंबे समय से फसल व पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा कर हाथी झुंड ग्रामीणों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। उन्होंने इसकी रोकथाम के लिए वन विभाग और प्रशासन से शीघ्र कारगर और स्थायी व्यवस्था करने की मांग उठाई है।