लोहाघाट (चंपावत) के पुलहिंडोला के ट्यूबवेल में पंप लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं, दूसरा पंप भी शीघ्र मिलने की उम्मीद है। तहसीलदार नीलू चावला ने पुलहिंडोला में निर्माणाधीन मिनी ट्यूबवेल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
शासन ने पुलहिंडोला में 2014 में मिनी ट्यूबवेल प्रस्तावित किया था। 1.27 करोड़ रुपये मिनी टयूबवैल के लिए प्रस्तावित किए गए थे, जिसके सापेक्ष शासन ने अब तक 67 लाख रुपये अवमुक्त किए। इस रकम से सिविल वर्क तो पूरा कर लिया गया था, मगर धनाभाव के कारण पिछले छह महीने से पंप सेट न लगने के कारण टयूबवेल का निर्माण कार्य अधर में लटक गया था। ग्रामीणों ने काम में देरी को लेकर जनवरी में नौ दिनों तक क्रमिक अनशन किया। और अब योजना के तहत एक पंप को लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। तहसीलदार ने बताया कि योजना में दूसरा पंप लगाने के लिए दूसरे ठेकेदार से भी वार्ता हो चुकी है, जो पंप लगाने के लिए तैयार हो गया है। बताया कि पांच मार्च के बाद ट्यूबवेल में दूसरा पंप लग जाएगा। जिसके बाद योजना को शीघ्र चालू करने के प्रयास किए जाएंगे।