पाटी (चंपावत)। यहां ब्लॉक स्तरीय स्काउट गाइड रैली के द्वितीय और तृतीय सोपान का समापन हो गया है। इस दौरान स्काउट गाइडों की कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिसमें जीआईसी पाटी और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुंगाबीड़ के स्काउट गाइड अव्वल रहे। मुख्य अतिथि खंड शिक्षाधिकारी उदय प्रताप मिश्र, प्रधानाचार्य अमरीश वर्मा ने कार्यक्रमों का शुभारंभ किया।
ब्लॉक सचिव सतीश जोशी के संचालन में हुए कार्यक्रमों में स्काउट गाइड ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान तंबू निर्माण, पुल निर्माण, हस्तकला प्रदर्शनी, स्काउट गाइड का इतिहास, ध्वज शिष्टाचार, बीपी सिक्स, प्राथमिक चिकित्सा, गांठे एवं बंधन, दल अभिलेख, मयार्दा सभा, गीत भारती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के साथ कई जानकारियां दी गई।
ब्लॉक सचिव ने बताया कि जीआईसी पाटी के 18 छात्रों ने तृतीय सोपान परीक्षा एवं छात्र विनोद पाटनी एवं महीप गहतोड़ी ने राज्यपाल पुरस्कार प्रतियोगिता उत्तीर्ण की है। स्काउट गाइड प्रतियोगीता में जीआईसी पाटी और कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटी ने प्रथम, जीआईसी खेतीखान ने द्वितीय तथा बुंगाबीड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहां मंजू चौथिया, कमला गोस्वामी, रूचि, हरिओम शरण, चेतराम, रोकेश चंद्र , गोकुलानंद, रामनाथ , प्रताप सिह, प्रदीप जोशी, रामसेवक आदि थे।