लोहाघाट (चंपावत)। समाज कल्याण विभाग की ओर से मध्य गंगोल में बहुद्देश्यीय शिविर में कई लोगों के प्रमाणपत्र बने। बृहस्पतिवार को शिविर का विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने शुभारंभ करते हुए लोगों की समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया। कई लोगों की विभिन्न प्रकार की पेंशन स्वीकृत करने के साथ पेंशन से खातों को लिंक करने लिए 75 लोगों द्वारा आधार फार्म जमा किए गए। आधार कार्ड के लिए 16 लोगों के बायोमीट्रिक लिए गए। राजस्व विभाग की ओर से सात विधवावस्था पेंशन और दो तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए आय प्रमाणपत्र बनाए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी बीडी पंत के दिशा-निर्देशन में 28 वृद्धावस्था पेंशन, एक विधवावस्था पेंशन और दो तीलू रौतेली पेंशन फार्म स्वीकृत किए गए। कृषि विभाग द्वारा मटर, मसूर आदि का बीज वितरित करने के साथ कृषि यंत्रों की बिक्री की गई। उद्यान विभाग द्वारा बीज वितरण के साथ रियायती दरों में औद्यानिक उपकरणों की बिक्री की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.एमएस बोहरा के नेतृत्व में हुए नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में 208 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ दवाएं वितरित की गई। खंड विकास अधिकारी सीएस मेवाड़ी, तहसीलदार एलएम तिवारी, लोहाघाट की तहसीलदार नीलू चावला, सीएओ एस कुमार, डीएचओ एनके आर्या आदि ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर संचालन में समाज कल्याण विभाग के प्रशासनिक अधिकारी मोहन गिरि, मौन राम, दीपक गहतोड़ी, मदन मोहन, भूपाल राम ने सहयोग किया।