बनबसा (चंपावत)। पुलिस ने एक पशु तस्कर को पकड़कर उसके पास से छह भैंसें बरामद की। अलबत्ता दूसरा तस्कर मौका पाकर फरार हो गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस नेपाल से भैंसों की तस्करी करने वाले गिरोह की तलाश में जुटी थी। शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई मनोज रावत, कांस्टेबल मनजीत सिंह और परमजीत सिंह ने एनएचपीसी के पिछले छोर के घने जंगल में दो पशु तस्करों को कुछ भैंसों के साथ आते हुए देखा।
पुलिस कर्मियों को देखते ही तस्करों ने भैंसों को छोड़कर जंगल की ओर दौड़ लगा दी। पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर एक तस्कर को पकड़ लिया, जबकि दूसरा तस्कर भागने में सफल रहा। बैराज चौकी प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया तस्कर बनबसा के बेलबंद्धगोठ निवासी मो.ताहिर है। उसे मय भैंसों के कस्टम विभाग को सौंप दिया गया। बताया गया कि उक्त तस्कर नेपाल से तस्करी कर भैंसें भारत में ला रहे थे। बता दें कि शारदा नदी में कम पानी होने का लाभ उठाकर तस्कर नदी के रास्ते जंगलों से होते हए पशुओं की तस्करी कर रहे हैं।