बनबसा (चंपावत)।
एक नेपाली महिला ने शनिवार को अचानक शारदा बैराज से नदी में कूद मार दी। नदी में पानी अधिक होने से उसका कहीं पता नहीं चल सका। उसके द्वारा छोड़ गया मोबाइल फोन और दुपट्टे से उसकी पहचान हो पाई है। महिला ने नदी में कूद क्यों मारी इसका पता नहीं चल सका है।
शनिवार सुबह करीब सात बजे एक नेपाली महिला ने शारदा बैराज के गेट संख्या तीन से नदी में कूद मार दी। सूचना पर पुलिस, पुलिस तैराक और स्थानीय तैराक मौके पर पहुंचे, लेकिन नदी में 74,321 क्यूसेक पानी होने से महिला का कहीं पता नहीं चल सका। महिला के नदी के तेज बहाव में बहने की आशंका जताई जा रही है।
शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई कुंदन सिंह ने बताया कि महिला ने नदी में कूद मारने से पहले अपना दुपट्टा और मोबाइल फोन बैराज पर किनारे ही छोड़ दिया था। मोबाइल फोन से संपर्क कर उसके परिजनों को वहां बुलाया गया। कूद मारने वाली महिला के भाई योगेश भट्ट और देवर धरम राज ने बताया कि महिला का नाम इंद्रा देवी (35) पत्नी धन प्रसाद है, जो कंचनपुर की रहने वाली है। नेपाली महिला के परिजनों ने उसके बच्चों के हवाले से बताया कि उनकी मां सुबह घर से बिना बताए चली गई थी। घंटी बजने पर भी वह फोन नहीं उठा रही थी।