जिले में उत्तराखंड बोर्ड की हाइस्कूल, इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। सोमवार को इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा हुई। कई केंद्रों में 62 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, नकल विहीन कराने के लिए तीन उड़नदस्ते गठित किए गए हैं।
जिन्होंने आप पहले ही दिन कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जिले में पहले दिन नकल से संबंधित कोई भी मामला प्रकाश में नहीं आया। शिक्षा विभाग की ओर से बनाए गए नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंटरमीडिएट हिंदी विषय में 71 व्यक्तिगत परीक्षार्थियों में 58, संस्थागत 3969 परीक्षार्थियों में से 3920 ने परीक्षा में शिरकत की। सीईओ आरसी पुरोहित, डीईओ माध्यमिक डीएस राजपूत, डीईओ बेसिक सत्यनारायण के नेतृत्व में गठित उड़नदस्ते की टीमों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। पहले दिन हिंदी विषय का सरल प्रश्नपत्र आने से विद्यार्थियों के चेहरे खिले नजर आए।
तय समय से पहले हल किया प्रश्न पत्र
चंपावत। छात्र पवन सिंह का कहना है कि हिंदी विषय का प्रश्न पत्र अपेक्षा के अनुरूप काफी सरल आया था। इस कारण उन्होंने तय समय से पहले ही प्रश्न पत्र हल कर लिया था।
बहुविकल्पीय थे कई प्रश्न
चंपावत। छात्र अंकित के अनुसार बोर्ड का प्रश्नपत्र बेहद ही सरल आया था। अधिकतर प्रश्नों के बहु विकल्पीय होने के कारण ज्यादा परेशानी नहीं आई।
उल्टा पिरामिड किसे कहते हैं
चंपावत। छात्रा स्नेहा का कहना है कि हिंदी के प्रश्नपत्र में अखबार जगत में उल्टा पिरामिड किसे कहते हैं सवाल आया था। जिसे उन्होंने काफी आसानी से हल कर लिया।
जाम की समस्या पर लिखा आलेख
चंपावत। छात्रा अनीता का कहना है कि पेपर बेहद आसान था, सड़कों पर जहां तहां जाम पर आलेख लिखने को कहा गया था। जिसे उन्होंने झटपट लिख डाला।
पहले दिन 1109 छात्र-छात्राओं ने दी परीक्षा
टनकपुर (चंपावत)। हाइस्कूल, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा क्षेत्र में बनाए गए लाला रामरतन भगवत सरन जीजीआईसी, ठा. एसएआरजेएसआर राधेहरि राजकीय इंटर कॉलेज, सैलानीगोठ इंटर कॉलेज, पूर्णागिरि इंटर कॉलेज भजनपुर समेत सात परीक्षा केंद्रों में शुरू हो गई। इन केंद्रों में पहले दिन इंटरमीडिएट के 1109 परीक्षार्थियों ने हिंदी विषय की परीक्षा दी।