खटोली सरस्वती इंटर कालेज का भवन सड़क निर्माण की जद में आया।
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत।जिले के खटोली क्षेत्र में होली अवकाश का लाभ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना खंड के एक ठेकेदार ने उठाया। ठेकेदार ने होली की छुट्टियों में सड़क बनाने के लिए सरस्वती इंटर कॉलेज खटोली की करीब दस नाली भूमि काट डाली। इससे इंटर कॉलेज भवन की स्थिति खराब हो गई। बरसात में स्कूल भवन के गिरने का खतरा पैदा हो गया है।
कार्यदायी संस्था की ओर से स्कूल की जमीन काटने के अलावा स्कूल में निर्मित शौचालयों को ध्वस्त करने पर अभिभावकों ने नाराजगी प्रकट की है। स्कूल प्रबंधक उम्मेद सिंह बुरांठी के नेतृत्व में ग्रामीण अभिभावकों ने कार्यदायी संस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावकों के अनुसार खटोली-वैला के बीच सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। कार्यदायी संस्था के ठेकेदार की ओर से होली की छुट्टियों में दस नाली भूमि, स्कूल के बालक-बालिकाओं के शौचालय ध्वस्त कर दिए। होली अवकाश के बाद स्कूल पहुंचे बच्चों ने स्कूल की स्थिति देखी तो वह आश्चर्यचकित रह गए। स्कूल प्रबंधक और अभिभावकों का कहना है कि इस संबंध में कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी स्कूल की भूमि को खुर्दबुर्द कर दिया गया है। इस संबंध में पीएमजीएसवाई खंड के ईई एके बर्मन का कहना है कि सड़क निर्माण में स्कूल की भूमि कटान की शिकायत उन्हें मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
कार्यदायी संस्था से चहारदीवारी बनाने की मांग
चंपावत। सरस्वती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देवी प्रसाद शर्मा का कहना है कि स्कूल की जमीन 200 मीटर की दूरी तक काट दी गई है जबकि कटाव से पहले जमीन के बारे में विभाग को अवगत करा दिया गया है। बार-बार लिखित, मौखिक बताने पर भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। कटान के दौरान शौचालय भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इस संबंध में उन्होंने पीएमजीएसवाई खंड के ईई को सूचित कर दिया है। कार्यदायी संस्था से स्कूल भवन की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी बनाने की मांग उठाई गई है।