बनबसा (चंपावत)। नेपाल के कंचनपुर जिले के सीडीओ (डीएम) तारानाथ अधिकारी शनिवार को भारतीय कस्टम अधिकारियों से मिले। उन्होंने नेपाली नागरिकों के साथ सीमा पर होने वाली अभद्रता और अवैध उगाही के संबंध में कस्टम अधिकारियों से चर्चा की। भारतीय कस्टम अधिकारियों ने अपने विभाग की ओर से किसी तरह की अवैध उगाही और अभद्रता करने की बात से इनकार किया। उन्होंने सीडीओ से नेपाली तांगों के लाइसेंस निरस्त करने और नेपाली नागरिकों को जागरूक करने जैसे सुझाव भी दिए।
दशहरा पर्व पर प्रवासी नेपाली नागरिकों के भारत से अपने देश लौटने पर सीमा पर अवैध उगाही, लूटपाट, अभद्रता करने जैसी वारदातों को नेपाल मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाता है। इसमें तांगा एवं अन्य वाहन चालकों द्वारा नेपाली नागरिकों से सीमा पर तैनात भारतीय सुरक्षा एजेंसियों और कस्टम आदि के नाम पर अवैध वसूली करने की शिकायतें की जाती हैं। इसी के तहत नेपाल में एक बैठक हुई, इसके बाद नेपाल के सीडीओ ने कस्टम अधिकारियों से मुलाकात की। भारतीय कस्टम अधीक्षक अजय सिन्हा ने कस्टम कर्मियों द्वारा नेपाली नागरिकों के साथ अभद्रता या अवैध वसूली को सिरे से नकार दिया। उन्होंने नेपाल के सीडीओ को आश्वस्त किया कि भारतीय कस्टम कर्मियों के खिलाफ किसी तरह की शिकायत मिलने पर वह कड़ी कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारतीय कस्टम इस सीमा पर केवल दोनों देशों के बीच संचालित होने वाले व्यापार को संचालित करता है। सीमा पर संचालित होने वाले सवारी वाहनों खास तौर पर तांगा चालकों द्वारा विभिन्न सुरक्षा एजेेंसियों के नाम पर अवैध उगाही की शिकायतें सामने आती हैं। इसके लिए उन्होंने तांगा चालकों के लाइसेंस निरस्त करने का सुझाव भी दिया। बता दें कि भारत-नेपाल के बीच संचालित होने वाले तांगे बनबसा के लोगों के हैं, लेकिन उन्हें लाइसेंस नेपाल की भीमदत्त नगर पालिका ने दिए हैं।