टनकपुर (चंपावत)।
एआरटीओ (प्रवर्तन) पर मां पूर्णागिरि के दर्शन को आए श्रद्धालुओं के वाहन का चालान काटकर अधिक जुर्माना लगाने का आरोप लगाते हुए पूर्व छात्र नेता ने हंगामा किया। बाद में एआरटीओ द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन के अपराध के अनुसार ही जुर्माना वसूलने पर मामला शांत हुआ।
एआरटीओ (प्रवर्तन) वीके सिंह ने रविवार को टनकपुर हाइवे पर चेकिंग के दौरान लखनऊ से अपने वाहन पर आए श्रद्धालु अरुण कुमार के वाहन (यूपी 32 ए/0869) में अग्निशमन एवं फस्टएड किट न होने पर दस हजार रुपये का जुर्माना डालते हुए चालान कर दिया। इसी तरह पीलीभीत से आए जामिन अली के वाहन (यूपी 26/1679) का भी एमबी एक्ट में दस हजार रुपये का चालान काट दिया। मामला छात्र संघ के पूर्व उप सचिव मो. हारून तक पहुंचा तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद एआरटीओ रश्मि भट्ट ने एमबी एक्ट में जुर्माने की स्थिति स्पष्ट कर दोनों वाहन स्वामियों से एक हजार एक सौ रुपये जुर्माना वसूलकर मामला निपटाया। एआरटीओ भट्ट का कहना है कि चालान चिट में मुचलका भी भरा जाता है, इसमें एमबी एक्ट के तहत वास्तविक जुर्माने से अधिक राशि लिखी जाती है, जबकि जुर्माना नियमानुसार धनराशि का ही वसूला जाता है।
70 वाहनों के चालान, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज और तीन ड्राइविंग लाइसेंस किए रद्द
टनकपुर। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर चले वाहन चेकिंग सप्ताह के तहत रविवार को परिवहन विभाग की टीम ने एसडीएम अनिल चन्याल के नेतृत्व में वाहनों की चेकिंग की। एआरटीओ (प्रवर्तन) वीके सिंह ने बताया कि चेकिंग में एमबी एक्ट का उल्लंघन कर सड़क पर दौड़ते 70 वाहनों के चालान काटने के साथ ही कृषि कार्य में पंजीकृत ट्रैक्टर का व्यावसायिक उपयोग करते मिलने पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया गया है। वहीं तीन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निरस्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे सप्ताह भर वाहनों की सघन चेकिंग होगी।