चंपावत। जिले में नवाचारी बहुउद्देशीय विज्ञान प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। जिला सभागार में शनिवार को विभिन्न विभागों की बैठक लेते हुए डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने अधिकारियों से कहा कि नवाचारी बहुउद्देशीय विज्ञान प्रयोगशाला में युवा विद्यार्थी एवं इच्छुक नागरिक अपने नए-नए विचारों को मूर्त रूप दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि नवाचारी प्रयोगशाला में आधुनिक तकनीकी के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी देने के साथ शोध की सुविधा भी दी जाएगी। प्रयोगशाला में युवाओं को थ्रीडी प्रिंटर, आर्टिफिशियल इंटलीजेंस तथा अन्य आधुनिक उपकरणों के माध्यम से कौशल विकास का अवसर प्रदान किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि दिल्ली की जैनिथ वाइपर्स संस्था एवं जिला प्रशासन के आपसी सहयोग से नवाचारी बहुउद्देशीय विज्ञान प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए भवन उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि इस प्रयोगशाला में अन्वेषण के लिए डिग्री की बाधा को हटाया गया है और किसी भी युवा के नवीनतम विचार महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि आईटीआई, पालीटेक्निक, महाविद्यालयों के साथ-साथ इंटर कक्षा के बच्चे, रिसर्च स्कालर आदि के लिए नवाचारी बहुउद्देशीय विज्ञान प्रयोगशाला मील का पत्थर साबित होगी। बैठक में डिग्री कालेज की प्राचार्या डॉ.तनूजा बिष्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित, केसी शाक्य, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डीएस राजपूत, बेसिक सत्यनारायण, स्वाति जोशी, डॉ.अनिल मिश्र, आरके चौधरी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मोहित शाह, आरके गोरकेला, दिनेश पटवा, आरके चौधरी, धीरज गहतोड़ी आदि मौजूद रहे।