टनकपुर (चंपावत)।
टनकपुर-पिथौरागढ़ बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान बस्टियां गांव की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे भड़के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पेयजल लाइन शीघ्र दुरुस्त नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को बस्टिया ग्राम सभा की पूर्व ग्राम प्रधान सरोज देवी के नेतृत्व में ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अनिल कुमार चन्याल को सौंपा।
इसमें कहा कि बस्टिया गांव को पेयजल सप्लाई करने वाली लाइन बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान आठवें मील पर क्षतिग्रस्त पड़ी है। इससे ग्रामीणों को पेयजल की दिक्कत हो रही है। उन्होंने पेयजल लाइन को ठीक करने समेत हॉटमिक्स प्लांट से हो रहे प्रदूषण की जांच, फसल एवं फलदार वृक्षों का निरीक्षण, एनएच की सुरक्षा दीवार को और ऊंचा करने, सड़क पर उठते धूल के गुबार से निजात दिलाने के लिए नियमित पानी छिड़काव की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि कुछ दिन पहले एनएच द्वारा कृषि भूमि का कटान किया गया था, लेकिन मात्र ढाई मीटर ऊंची दीवार बनाई गई है। उक्त दीवार को एक मीटर और ऊंचा किया जाना आवश्यक है, जिससे कृषि भूमि का कटान बच सके। ज्ञापन देने वालों में हरी दत्त जोशी, नारायण जोशी, गंगा दत्त, विजय सिंह, रवीश चिल्कोटी, राधिका देवी, सीता देवी, मधु देवी आदि मौजूद थे।