चंपावत। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने आगामी नगर निकाय चुनाव के संभावित दावेदारों का पूरा विवरण उपलब्ध कराने को कहा है। बृहस्पतिवार को निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने पुलिस अधीक्षक एवं अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित दावेदारों की कुंडली खंगालें और पिछले चुनाव में उनकी भूमिका, सामाजिक गतिविधियां, अवांछनीय कार्यों में संलिप्तता आदि की पूरी सूचना स्थानीय अभिसूचना इकाई के माध्यम से उपलब्ध कराएं।
डीएम ने सभी एसडीएम को अपनी अध्यक्षता में तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, ईओ नगरपालिका, थानाध्यक्ष की कमेटी गठित कर बूथों की जांच करने और बूथों की स्थिति खराब होने पर अन्य सरकारी भवनों में शिफ्ट करने की संस्तुति प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि बूथ ऐसे भवनों में स्थापित न करें जिसके आसपास राजनीतिक गतिविधियां जारी हों। उन्होंने समिति को वार्डवार आरक्षण का निर्धारण कर प्रस्तुत करने तथा संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों का निर्धारण अभी से कर सूची प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में एसपी धीरेंद्र गुंज्याल, एसडीएम अनिल चन्याल, आरसी गौतम, परियोजना निदेशक एचजी भट्ट, अधिशासी अधिकारी जयवीर राठी, अभिनव कुमार, लोहाघाट कमल कुमार, जेसी पांडेय, एससी पंत आदि मौजूद रहे।
अराजकता फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
चंपावत। डीएम ने पिछले चुनाव में सोशल मीडिया में अराजकता फैलाने, दुष्प्रचार करने, तथ्यहीन संदेश फैलाने वालों को पूर्व से ही चेतावनी देने के निर्देश दिए। कहा कि आने वाले निकाय चुनाव में कोई भी दुष्प्रचार, तथ्यहीन संदेश न भेज सके।