लोहाघाट (चंपावत)। मुख्य विकास अधिकारी एसएस बिष्ट ने नेपाल सीमा से लगे गांवों के लोगों की समस्याएं सुनीं। जूनियर हाइस्कूल बगौटी में हुए कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पेयजल, बगौटी बैंड से गांव तक लिंक मार्ग बनाने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में तैनात एएनएम गांव में नहीं आती है। गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को टीका लगाने के लिए तीन किमी दूर मडलक जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने पशु चिकित्सक नहीं होने से मवेशियों के इलाज की परेशानी की बात कही। सीडीओ बिष्ट ने लोगों को समस्याओं के निस्तारण के लिए जरूरी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय डुंगरालेटी और राजकीय प्राथमिक विद्यालय सुगरखाल विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख योगेश मेहता, जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) सत्यनारायण, उप शिक्षाधिकारी हरेंद्र साह, ग्राम विकास अधिकारी गणेश गड़िया आदि मौजूद थे।