भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर और कल्याणम करोति संस्था लखनऊ के सहयोग से स्थानीय रामलीला मैदान में दो दिनी दिव्यांग शिविर शुरू हो गया है। शिविर का लाभ उठाने के लिए दूरदराज क्षेत्रों से दिव्यांग पहुंचे हुए थे। इस दौरान लोगों की सुविधा के लिए आधार कार्ड शिविर भी आयोजित किया गया। पहले दिन 56 लोगों को कृत्रिम अंग के लिए चयनित और 15 लोगों के विकलांगता प्रमाणपत्र निर्गत किए गए।
बृहस्पतिवार को आयोजित शिविर का एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने जायजा लिया। उन्होंने आधार कार्ड से वंचित लोगों से शिविर का लाभ उठाने को कहा। विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने दिव्यांग जनों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में कृत्रिम अंग चयन में बैशाखी के लिए 3, वॉकिंग स्टिक के 5, हैंडग्रिप के 2, कान की मशीन के लिए 46 दिव्यांगों का चयन किया गया। शिविर में वृद्धावस्था के 71, विधवा के 19 तथा विकलांग के 8 आधार कार्ड बैंक सिडिंग के लिए प्राप्त हुए। एसीएमओ डॉ. केसी ठाकुर, फार्मेसिस्ट मुकुल राय, एलडी जोशी ने पहले दिन 15 विकलांगों का परीक्षण कर विकलांगता प्रमाण-पत्र निर्गत किया।
शिविर में 52 आधार कार्ड पंजीकरण होने के साथ-साथ बैंकों की ओर से तीन खाते खोले गए। समाज कल्याण अधिकारी पीसी जोशी ने विभाग संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कल्याणम करोति संस्था के विपिन पांडेय ने सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया। शिविर के आयोजन में तहसीलदार नीलू चावला, पाटी के एलएम तिवारी, बीडीओ केएस नयाल, डीईओ बेसिक सत्यनारायण, एडीओ समाज कल्याण एमडी भट्ट, कानूनगो चंद्र प्रकाश, आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय, दीपक गहतोड़ी, चंद्रशेखर जोशी, बैंक के कुलदीप राणा, एससी तिवारी, मनोज धौनी, एलएम खोलिया आदि ने सहयोग किया।