टनकपुर(चंपावत)। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में उत्पाती बंदरों को पकड़ने का अभियान तेज हो गया है। शारदा रेंज से सटे नगर और ग्रामीण क्षेत्र में विभाग की टीम अब तक 522 बंदरों को पकड़ चुकी है। बंदरों को रेस्क्यू सेंटर हल्द्वानी भेज दिया है। रेंजर ने लोगों से कहा है कि बंदरों के उत्पात मचाने पर तत्काल वन कर्मियों को सूचना दें।
पिछले कुछ समय से जंगल से सटे आबादी वाले हिस्सों में बंदर उत्पात मचा रहे हैं। इससे जगह-जगह लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के निरंतर मांग पर वन विभाग ने बंदरों को पकड़ने का कार्य शुरू किया। शारदा वन रेंजर सुनील शर्मा ने बताया कि रेंज के अंतर्गत 600 उत्पाती बंदरों को पकड़ने का लक्ष्य है। अभी तक 522 बंदर पकड़े जा चुके हैं। विभाग की टीम ने आमबाग, बस्टिया, नई बस्ती, अंबेडकरनगर, उचौलीगोठ आदि क्षेत्र से बंदरों को पकड़ा। सूचना मिलने पर तत्काल टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। बंदरों को पकड़ने के लिए टीमें तैनात की गई हैं। संवाद