चंपावत। शहीद सैनिक परिवार के लोगों पर सरकार की नजरें इनायत हैं। प्रदेश सरकार थल सेना, नौसेना, वायु सेना और अर्द्ध सुरक्षा बलों के दो वर्ष के भीतर शहीद हुए सैन्य परिवार के एक आश्रित को समूह ग और समूह घ में नियुक्ति देगी।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (रिटायर्ड) महेंद्र सिंह जोधा ने दो वर्ष के भीतर हुए शहीद सैनिकों के आश्रितों को सैनिक कल्याण कार्यालय में दस्तावेजों के साथ संपर्क करने को कहा है।
मगर चंपावत जिले में बीते दो वर्ष में कोई भी सैन्य अथवा अर्द्ध सुरक्षा बल शहीद नहीं हुआ है। चंपावत जिले में 3600 पूर्व सैनिक और 1200 सैन्य आश्रित हैं। जिले में आजादी के बाद से अब तक कुल 62 सैनिक शहीद हुए हैं। ब्यूरो