टनकपुर (चंपावत)। राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज में स्काउट-गाइड कैडेटों का द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर जारी है। शनिवार को तीसरे दिन नए कैडेटों को ध्वज की शपथ दिलाकर दीक्षा दी गई। संगठन आयुक्त अंबा दत्त पंत और गाइड कमिश्नर कल्पना धामी ने कैडेटों से स्काउट प्रतिज्ञा और नियमों का जीवन में अनुपालन करने का आह्वान किया।
एसटीए परीक्षण के बाद जिला सचिव वेद प्रकाश पंत और ब्लॉक सचिव विपिन उप्रेती के नेतृत्व में तृतीय सोपान उत्तीर्ण और द्वितीय सोपान के स्काउट-गाइड की जागरूकता रैली, हाईकिंग का सफल आयोजन किया गया। कैडेटों ने समसामयिक जागरूकता के नारे लगाते हुए ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने क्षेत्र के भौगोलिक अध्ययन के साथ ही वन विहार का आनंद लिया। इस मौके पर निशा यादव, शीला जोहार, सुशीला उप्रेती, निर्मला बिष्ट, ललित मोहन जोशी समेत विभिन्न विद्यालयों के स्काउट मास्टर्स और गाइड कैप्टन मौजूद थे।