चंपावत। नेपाल सीमा से लगे मंच गांव में बन रहे हेलीपैड में मैदान समतलीकरण का काम पूरा कर लिया गया है। हेलीपैड में दूसरे चरण का काम शुरू हो गया है। इसके तहत हेलपैड स्थल को सीमेंटेड कराया जा रहा है। महत्वपूर्ण अतिथियों (वीआईपी) की आवाजाही के अलावा ये हेलीपैड आपदा के वक्त खासा मददगार रहेगा।
गांव के लोगों को आपदा के वक्त सड़क बंद होने की सूरत में सुविधा मिल सकेगी। बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने से लेकर रसद सामग्री पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। इस वक्त चंपावत-मंच-तामली मोटर मार्ग बंद होने पर लोगों को पैदल फासला तय कर मुख्यालय पहुंचने को मजबूर होना पड़ता है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीडी भट्ट ने बताया कि मंच में सीमावर्ती क्षेत्र विकास कार्यक्रम (बीएडीपी) के तहत 25 लाख रुपये से बन रहे हेलीपैड में समतलीकरण का काम पूरा कर लिया है। अब तक आठ लाख रुपये खर्च कर समतलीकरण का काम पूरा कर लिया गया है। दूसरे चरण का काम शुरू कराया जा रहा है।