चंपावत। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बारहमासी सड़क पर पड़ने वाली राज्य सरकार की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए डीएम से टीम का गठन कर करने को कहा।
मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बारहमासी सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने चौड़ीकरण के बाद पेयजल लाइनों के पुनर्स्थापन में केवल 3 प्रतिशत शिफ्टिंग करने और 417 हैंडपंपों में से केवल 18 हैंडपंप लगाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि जिन स्थानों पर चौड़ीकरण, कॉजवे, नाली, ब्रेस्ट, रिटर्निंग वॉल का कार्य पूरा हो गया हो वहां जनवरी तक पेयजल लाइनों की शिफ्टिंग पूरी कर ली जाए।
चौड़ीकरण के दौरान मिट्टी, पत्थरों को नदी, नालों में डालने की लोगों की शिकायत पर उन्होंने कंपनियों को सख्त हिदायतें भी जारी की। डीएम एसएन पांडेय ने बताया कि पानी का छिड़काव न करने, चौड़ीकरण के स्थानों पर मोबाइल शौचालय स्थापित न करने के कारण कंपनियों को 133 का नोटिस जारी किया गया है। वीसी में एनएच के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मसत्तू, एनएच के ईई एलडी मथेला, राजेश मौर्या, बिलाल युनुस, एनसी पांडेय सहित निर्माणदायी कंपनियों के नुमाइंदे मौजूद थे।