चंपावत। खेल एवं शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा है कि राज्य के प्रत्येक ब्लाक में 10 और 11 फरवरी को अंडर-19 बालक एवं बालिकाओं की 800 मीटर दौड़ आयोजित होगी। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों को इसका गांव-गांव तक व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में राज्य के निवासी ही प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में स्कूलों में पढ़ने वाले व स्कूल न जाने वाले सभी बालक बालिकाएं भाग ले सकते हैं। दौड़ के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि छह फरवरी होगी। पंजीकरण ब्लाक शिक्षा कार्यालय, सीआरसी, बीआरसी स्तर पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा 10 एवं 11 फरवरी को प्रत्येक ब्लाक स्तर पर 800 मीटर की दौड़ में जो बालक व बालिकाएं प्रथम आएंगे वह 14 एवं 15 फरवरी को प्रदेश स्तर पर देहरादून में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रदेश स्तर पर चयनित 48 बालिकाओं एवं 47 बालकों को हीरो होंडा द्वारा स्कूटी ईनाम में दी जाएगी।
प्रदेश स्तर पर प्रथम आने वाले बालक एवं बालिका को स्कूटी के साथ ही 51-51 हजार रुपये की धनराशि का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग मे डीएम डॉ.अहमद इकबाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित, जिला शिक्षाधिकारी बेसिक सत्यनारायण, जिला क्रीड़ा अधिकारी आरएस धामी, जिला पंचायत राज अधिकारी सुरेश बैनी आदि मौजूद रहे।