चंपावत। चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी महासंघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देशों के तहत महासंघ की जिला इकाई की ओर से अपने आंदोलन के दूसरे चरण में 21 दिसंबर को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।
महासंघ के जिला महामंत्री कमल सिंह बिष्ट ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से चलाए जा रहे आंदोलन के दूसरे चरण में भेजे जाने वाले ज्ञापन में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को एसीपी का लाभ 10, 20, 30 वर्ष के स्थान पर 10,16, 26 वर्ष में दिए जाने, योग्यता रखने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की तृतीय श्रेणी में पदोन्नति किए जाने, भोजनमाताओं को राज्य कर्मचारी घोषित करने, चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर लगा प्रतिबंध समाप्त किए जाने आदि मांगों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रांतीय स्तर पर लिए गए निर्णय के अनुसार पूर्ण भागीदारी करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके बाद भी उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की सूरत में निर्णायक आंदोलन की रूप रेखा तय की जाएगी।