लोहाघाट (चंपावत)।
यहां से करीब दो किमी दूर टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर देवराड़ी बैंड के पास कार और बारातियों को लेकर आ रही बस की जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। अलबत्ता कार के एयर बैग खुलने से दोनों कार सवार बाल-बाल बच गए। दोनों को मामूली चोटें लगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद दुर्घटना स्थल पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।
ठांड़ाढूंगा लोहाघाट से बुधवार को दुर्गानगर बरेली बारात गई थी। बृहस्पतिवार को करीब सवा तीन बजे लोहाघाट से चंपावत की ओर जा रही हुंडई सिडान कार (यूपी14-सीएम 9007) की भिड़ंत बरेली से बारात लेकर लौट रही बस (यूके 06-पीए 0802) से हो गई। भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ ही बस को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
कार में सवार चालक अंकित सिंह मेहरा (29) पुत्र नरेंद्र सिंह मेहरा निवासी थुवामेहरा (पाटी) और चंद्र मोहन सिंह (47) पुत्र जगत सिंह निवासी पाटी घायल हो गए। दोनों घायलों को निजी वाहन से सरकारी अस्पताल लाया गया। डॉ.मंजीत सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद दरोगा हेम चंद्र जोशी, एसआई रमेश चंद्र तिवारी, अशोक पुरी मौके पर पहुंचे।