लोहाघाट (चंपावत)।
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में लोहाघाट की सीमा देवी को भी मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सम्मानित किया है। ये सम्मान उन्हें निशुल्क सेवा के जरिए लोहाघाट क्षेत्र के गांव-गांव में जाकर लोगों को शौचालय बनाने के लिए प्रेरित करने को दिया गया है।
सीमा देवी काफी वक्त से समाज में महिला सशक्तीकरण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने लोहाघाट के फोर्ती, कोयाटी, बनगांव, भुमलाई, डैंसली, पाटन-पाटनी, राईकोट कुंवर आदि गांवों में जाकर लोगों को शौचालय बनाने के लिए प्रेरित किया। लोगों को घर स्वच्छ रहने के लिए जागरूक किया। निशुल्क कार्य को देखते हुए 22 जून को देहरादून में खुले में शौच मुक्ति (ओडीएफ) के तहत हुए कार्यक्रम में सीएम रावत ने उन्हें प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। सीमा देवी ने सम्मान मिलने पर स्वजल के परियोजना प्रबंधक एमके गर्ग का आभार जताया। साथ ही मीना चंद्रा, माया गोर्खा, नीलम टम्टा, सुनीता विश्वकर्मा, पुष्पा आर्या, मंजू भारती आदि ने खुशी जताई है।