चंपावत। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की ओर से सात सूत्री मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन जारी है। एसोसिएशन की जिला इकाई की ओर से सोमवार 10 दिसंबर से तीसरे चरण का आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके तहत अलग अलग माध्यमों से मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य महानिदेशक और स्वास्थ्य सचिव को ज्ञापन भेजे जाएंगे।
आंदोलन के तीसरे चरण में सोमवार को जिले के डिप्लोमा फार्मासिस्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में सभा करेंगे। उसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण देहरादून, जिलाधिकारी के माध्यम से सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण देहरादून और विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन प्रेषित करेंगे। इसके अलावा 11 से 15 दिसंबर तक सभी फार्मासिस्ट बांहों में काला फीता बांध कर विरोध जताएंगे। रविवार को हुई बैठक में बैठक में विष्णु गिरी गोस्वामी, प्रमोद कुमार, भूपेश जोशी, तान सिंह, एमसी जोशी, मनोज कुमार टम्टा आदि ने विचार रखे।