बनबसा (चंपावत)। गढ़ीगोठ क्षेत्र में नया बस्ती, भैंसाझाला, लाटाखल्ला, गुदमी, देवीपुरा, मझगांव आदि गांवों में इन दिनों लावारिस और जंगली जानवरों का आतंक मचा है।
यह जानवर किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। गुदमी के प्रधान अरुण कुमार ने बताया कि लावारिस जानवर खेतों में गेहूं की फसल के अलावा मसूर और केले के पौधों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उधर, देवीपुरा की प्रधान माला देवी ने बताया कि मझगांव के पूर्वी छोर स्थित नेपाल की ओर के जंगल से आए जंगली जानवर भी खेतों में गेहूं और मसूर की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा बमनपुरी में किलपुरा रेंज के जंगलों से आ रही नील गायों और जंगली सुअरों ने किसानों की फसल चौपट कर दी है। ग्रामप्रधान गिरधारी लाल ने बताया कि रातभर किसान नील गायों को भगाने को जाग रहे हैं। उन्होंने प्रशासन एवं वन विभाग से नील गायों और सुअरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।