चंपावत। रिजर्व बैंक से मिले 29 करोड़ रुपये में से 11.90 करोड़ रुपये भारतीय स्टेट बैंक की टनकपुर शाखा को भेजे गए। इस दौरान सुरक्षा का तगड़ा बंदोबस्त किया गया था। एसबीआई में अभी भी जमा और निकासी में बड़ा अंतर बना हुआ है। अधिकतर एटीएम के खाली रहने से लोगों की परेशानी झेलनी पड़ी।
एसबीआई के उप प्रबंधक निर्मल भट्ट ने बताया कि मंगलवार को टनकपुर शाखा को 11.90 करोड़ रुपये भेजे गए। टनकपुर को भारी भरकम रकम भेजने के बाद अब चंपावत शाखा में 17.10 करोड़ रुपये की राशि ही शेष बची है। उन्होंने बताया कि जमा और निकासी में बड़ा अंतर बना हुआ है। सोमवार को ग्राहकों ने बैंक में 31 लाख रुपये जमा किए। जबकि ग्राहकों ने 49 लाख रुपये की निकासी की।
मंगलवार को भी जिला मुख्यालय के अधिकतर एटीएम खाली रहे। यहां स्थित 14 एटीएम में से एसबीआई का मुख्य एटीएम, बैंक आफ बड़ौदा और केनरा बैंक से ही धनराशि निकल सकी। उप प्रबंधक भट्ट ने बताया कि मंगलवार की शाम कलक्ट्रेट स्थित एटीएम में 20 लाख और मुख्य एटीएम में 15 लाख रुपये डाले गए।