लोहाघाट (चंपावत)। पुलहिंडोला क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं सुलझाने के लिए गांव के सैनिक ने डीएम को ज्ञापन सौंपा है। सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार उत्तम सिंह ने डीएम डॉ. अहमद इकबाल को ज्ञापन सौंपा। बताया कि पुलहिंडोला क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा क्षेत्र है। आजादी के बाद करीब 50 फीसदी परिवार पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, जंगली जानवरों के आतंक के चलते यहां से पलायन कर चुके हैं।
किसानों के पास सिंचाई के पर्याप्त साधन न होने के कारण किसानों की फसलें भी चौपट होती जा रही है। उनका कहना है कि घोड़ियागाड़ डुंगरीगाड़ को बांधकर पानी एकत्र करने से सिंचाई की सुविधा मिल सकती है। इससे करीब चार चार किमी क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को इसका लाभ मिल सकता है। उत्तम का कहना है कि इस सुदूर क्षेत्र के अधिकतर किसानों की आर्थिक स्थित ठीक नहीं है, वह कृषि ऋण लेकर खेती करते हैं, समय पर वर्षा न होने, सिंचाई के साधन न होने से उन्हें लगातार घाटा उठाना पड़ रहा है। इसके चलते वह समय से बैंक ऋणों की अदायगी भी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने समस्याओं का समाधान कर लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।