टनकपुर (चंपावत)। विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्रों ने जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। छात्रों द्वारा तैयार किए गए तीन मॉडलों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया ह्रै।
चंपावत में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान मेले में जूनियर वर्ग में विभव गड़कोटी द्वारा ‘सड़क के मोड़ों पर सुरक्षा’ विषय पर बनाए मॉडल को प्रथम स्थान मिला है। वहीं सीनियर वर्ग के विज्ञान मेला टीम प्रोजेक्ट में अनिल कश्यप एवं सुनील सिंह बिष्ट के मॉडल को प्रथम, सीनियर वर्ग के ही पंकज पांडेय द्वारा विद्युत पर बनाए मॉडल को दूसरा स्थान मिला है।
प्रधानाचार्य राकेश चंद्र पांडेय ने बताया कि तीनों मॉडलों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है, जो 14 से 18 नवंबर तक ऋषिकेश में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य के अलावा प्रबंधक दरबान सिंह करायत, अध्यक्ष डॉ. देवी दत्त जोशी, मदन बोहरा एवं पूरे विद्यालय स्टाफ ने खुशी जताई है।