टनकपुर (चंपावत)।
बड़ी रेल लाइन में टनकपुर से महानगरों के लिए तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेनों के दौड़ने में अब अधिक दिन नहीं रह गए हैं। 90 की जगह 110 पौंड की बड़ी लाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद टीपीएम (ट्रैक टंपिंग मशीन) से लाइन की सेटिंग का काम शुरू हो गया है। जल्द ही केंद्रीय टीम द्वारा लाइन का निरीक्षण करने के बाद रेल संचालन की तिथि घोषित की जाएगी।
पीलीभीत से टनकपुर तक मीटर गेज को ब्राडगेज में बदलने के लिए गत वर्ष 16 जून से रेल सेवा बंद है। इस बीच बड़ी लाइन बिछाने और रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। ट्रायल लेने के बाद लाइन पर कई बार मालगाड़ी दौड़ चुकी है। स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि स्टेशन पर प्लेट फार्म, लाइन के प्वाइंट आदि का कार्य चल रहा है। इसके अलावा टनकपुर से पीलीभीत के बीच के स्टेशनों का पुनर्निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। लाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद अब टीपीएम से लाइन की सेटिंग का काम शुरू किया गया है। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि टीपीएम द्वारा बिछाई गई लाइन प्रेशर (कंपन) से दबाया जा रहा है, ताकि तेज रफ्तार ट्रेनों के दौड़ने पर स्लीपर हिले नहीं। उन्होंने बताया कि रेलवे की केंद्रीय टीम द्वारा लाइन के निरीक्षण की तिथि 16 जुलाई तय की गई थी जो स्थगित हो गई है। अब जल्द ही तिथि तय कर केंद्रीय टीम लाइन का निरीक्षण करेगी।