टनकपुर (चंपावत)। शहर के वार्ड संख्या सात में नई दुकान का लाइसेंस जारी होने के दो माह बाद भी विभाग ने खाद्यान्न कोटा आवंटित नहीं किया है, इससे दुकान संचालक तो परेशान है ही, राशन कार्ड धारकों को भी दो माह से खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। वार्ड के राशन कार्ड धारकों ने नई दुकान में शीघ्र खाद्यान्न कोटा आवंटित करने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने भी जिलाधिकारी को पत्र लिखकर नई दुकान को शीघ्र खाद्यान्न कोटा आवंटित करने का आग्रह किया है।
शहर के वार्ड संख्या सात ईमली पड़ाव के राशन कार्ड उपभोक्ताओं के प्रस्ताव पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने चर्चित शर्मा के नाम करीब दो माह पहले 25 अप्रैल को सस्ता गल्ले की नई दुकान का लाइसेंस जारी किया, लेकिन विभाग ने अब तक नई दुकान को खाद्यान्न कोटा आवंटित करना तो दूर राशन कार्ड ही संबद्ध नहीं किए हैं। विभाग की इस लापरवाही से उपभोक्ताओं को पिछले दो माह से न तो पुरानी दुकान और न ही नई दुकान से राशन मिल पा रहा है। मनोज कुमार गौतम, सुरेश, राकेश सक्सेना, पूर्व सभासद दिनेश चंद्र शर्मा, प्रदीप कुमार, सुनीता कुंवर, मनीषा सागर, पवन गौतम आदि उपभोक्ताओं ने खाद्यान्न कोटा आवंटित करने की मांग की है।