चंपावत। जूनियर हाइस्कूल शिक्षक संघ की जिला इकाई के एक शिष्टमंडल ने मुख्य शिक्षाधिकारी आरसी पुरोहित को ज्ञापन सौंपकर लंबित समस्याओं के निस्तारण की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष रमेश देव, महामंत्री देवीदत्त जोशी के नेतृत्व में शिक्षकों की ओर से दिए गए ज्ञापन में उन्होंने उच्चीकृत स्कूलों का अलग से संचालन किए जाने, जिले के बीआरसी और सीआरपी सहित सभी प्रकार के संबद्धीकरण निरस्त किए जाने, प्रधानाध्यापकों के स्वीकृत पदों पर पदोन्नति दिए जाने, वर्ष 2006 से 2009 तक की जीपीएफ धनराशि का ब्याज दिए जाने, शिक्षकों की एक पारदर्शी वरिष्ठता सूची बनाकर उसे सार्वजनिक किए जाने तथा निष्ठा से कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने तथा राज्यपाल और राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित किए जाने की मांगें प्रमुखता से उठाई। सीईओ ने शिक्षकों को जिला स्तर की समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। शिष्टमंडल में संरक्षक शंकर सिंह धौनी, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश ओली, जगदीश तड़ागी, दीवान पुजारी, हर्षप्रदीप टम्टा, राजू कुमार, त्रिलोक राम, पुष्कर नाथ आदि शिक्षक नेता शामिल रहे।
रंग लाया शिक्षक संगठन का प्रयास
चंपावत। जूनियर हाइस्कूल शिक्षक संघ के प्रयास एक बार फिर से रंग लाया है। शिक्षकों के वर्षों से लंबित जीपीएफ ब्याज की एक करोड़ 57 लाख रुपये की धनराशि शासन से स्वीकृत होकर जिले में पहुंच गई है। जिसके लिए शिक्षक संगठन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।