साप्ताहिक अवकाश होने से रविवार को मां पूर्णागिरि धाम में भक्तों की भीड़ रही। करीब पैंतीस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन किए। नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही हो रही है।
पूर्णागिरि मेले में हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु की आवाजाही का क्रम लगातार बना हुआ है। बरेली, बदायू, कासगंज, शाहजहांपुर, लखनऊ, रुड़की, बाराबंकी, रायबरेली, उन्नाव, मुरादाबाद समेत उत्तर भारत समेत देश के कोने-कोने से भक्तों की टोलियां निजी वाहनों, साइकिलों, बाइकों, बसों और ट्रेनों से देवी मां के दर्शन को पहुंच रहे हैं।
देवी मां का डोला लेकर दूर-दराज से पैदल आने वाले भक्तों भी संख्या भी कम नहीं है। शनिवार की शाम से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। रविवार सुबह से मां पूर्णागिरि जान-आने वाले भक्तों की चहल-कदमी दिनभर बनी रही। मंदिर समिति के अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि रविवार को करीब पैंतीस हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
आज से ठुलीगाड़ से आगे नहीं चलेंगे वाहन
मां पूर्णागिरि धाम में सोमवार से ठुलीगाड़-भैरव मंदिर मार्ग पर वाहनों का संचालन बंद रहेगा। लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट के मुताबिक मार्ग पर डामरीकरण कार्य के चलते सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक वाहन का संचालन बंद रखा जाएगा। लिहाजा पैदल यात्रियों की आवाजाही जारी रहेगी।